शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

लखनऊ :मोहनलालगंज में बेखौफ चोरों ने एक दर्जन बकरियां और 60 मीटर बिजली केबल उड़ाया।|Lucknow:Brave thieves stole a dozen goats and 60 meters of power cable in Mohanlalganj.||

शेयर करें:
लखनऊ :
मोहनलालगंज में बेखौफ चोरों ने एक दर्जन बकरियां और 60 मीटर बिजली केबल उड़ाया।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। एक ही थाना क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग घटनाओं में किसान की 13 बकरियां और 11 हजार वोल्ट लाइन का करीब 50 से 60 मीटर अंडरग्राउंड केबल चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। दोनों मामलों में पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र हुलासखेड़ा गांव निवासी किसान मतनू रावत के मुताबिक, छह दिन पहले रात में अज्ञात चोर कार से पहुंचे और कमरे का ताला तोड़कर अंदर बंद उनकी 13 बकरियां चोरी कर ले गए। सुबह कमरे का ताला टूटा और बकरियां गायब मिलने पर किसान के होश उड़ गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी।
वहीं, दूसरी घटना में सीतापुर के मिश्रिख थाना क्षेत्र के तरसावां गांव निवासी सत्य प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह बिजली के केबल बिछाने वाली निजी कंपनी में सुपरवाइजर है। कंपनी द्वारा मोहनलालगंज क्षेत्र के अतरौली रेलवे क्रासिंग के पास 11 हजार वोल्ट लाइन का अंडरग्राउंड केबल बिछाने का काम किया जा रहा है। मंगलवार देर रात अज्ञात चोर करीब 50 से 60 मीटर केबल काटकर चोरी कर ले गए। सुबह मौके पर पहुंचने पर केबल कटा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
इंस्पेक्टर मोहनलालगंज रामबाबू सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में पीड़ितों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनाओं के खुलासे और चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।