रविवार, 13 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: डूब क्षेत्र में बिजली-पानी के लिए हजारों लोग सड़क पर, सुखबीर खलीफा बोले- लिखित आश्वासन तक जारी रहेगा आंदोलन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: डूब क्षेत्र में बिजली-पानी के लिए हजारों लोग सड़क पर, सुखबीर खलीफा बोले- लिखित आश्वासन तक जारी रहेगा आंदोलन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। डूब क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या को लेकर रविवार को लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। पर्थला गांव के पास भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में हजारों लोग सड़क पर उतर आए और बिजली-पानी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोगों के सड़क पर जुटने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और सड़क पर लंबा जाम लगने से वाहनों की रफ्तार थम गई।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में भी हलचल मच गई। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। एडीसीपी मनीषा सिंह भी पुलिस अधिकारियों और बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने और सड़क से हटने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि पर्थला गांव के पास डूब क्षेत्र में बिजली की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से धरना चल रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। इसी को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।

किसान नेता सुखबीर खलीफा ने स्पष्ट कहा कि डूब क्षेत्र के लोगों की बिजली-पानी की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि केवल मौखिक आश्वासन से अब काम नहीं चलेगा। जब तक प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन समाप्त नहीं किया जाएगा।

हजारों लोगों के सड़क पर उतरने के कारण आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। काफी दूर तक वाहनों की कतारें लग गईं और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

डूब क्षेत्र में बिजली-पानी की मांग को लेकर चल रहे इस आंदोलन के बीच अब सभी की नजर प्रशासन की ओर है कि प्रदर्शनकारियों की मांगों पर क्या ठोस निर्णय लिया जाता है और कब तक उन्हें लिखित आश्वासन दिया जाता है।।