गौतमबुद्धनगर: जौनपुर में बंधक बनाए गए नोएडा के व्यक्ति को पुलिस ने सकुशल छुड़ाया, दो आरोपी गिरफ्तार; तमंचा-कारतूस और चाकू बरामद!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जौनपुर में बंधक बनाए गए नोएडा निवासी अनिल कुमार तिवारी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार तिवारी पुत्र स्वर्गीय ह्रदय नन्द तिवारी, निवासी ग्राम सर्फाबाद, सेक्टर-73 नोएडा, पूजा कराने के लिए 5 सितंबर 2026 को जौनपुर गए थे। आरोप है कि वहां कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें बंधक बना लिया और उनके पुत्र से पैसों की मांग की जा रही थी।
9 सितंबर को अनिल कुमार के पुत्र ने थाना सेक्टर-113 में पिता की गुमशुदगी की सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 407/26 धारा 127(7) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर 11/12 सितंबर की रात कच्चे रास्ते पर मुखिया मार्केट के पास घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आशीष यादव उर्फ बाबा और प्रवेश यादव उर्फ गोरे को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से अनिल कुमार तिवारी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष यादव उर्फ बाबा पुत्र सत्यनारायण निवासी गांव मशीदा, थाना सिकरारा, जिला जौनपुर तथा प्रवेश यादव उर्फ गोरे पुत्र हरपाल यादव, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी गांव मशीदा, थाना सिकरारा, जिला जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आशीष यादव के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर और दो जिंदा कारतूस, जबकि प्रवेश यादव के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया है। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 407/26 धारा 127(7)/140 बीएनएस के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से बंधक बनाए गए व्यक्ति को समय रहते सकुशल बरामद कर लिया गया। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।।
