मंगलवार, 1 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: ईवीएम-वीवीपैट पर प्रशासन की पैनी नजर, जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस पहुंचकर एफएलसी तैयारियों का लिया जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ईवीएम-वीवीपैट पर प्रशासन की पैनी नजर, जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस पहुंचकर एफएलसी तैयारियों का लिया जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश, सुरक्षा, सीसीटीवी और अन्य इंतजामों को भी परखा

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 01 सितंबर 2026।
निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया और वहां फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने एफएलसी को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने वेयरहाउस में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि ईवीएम, वीवीपैट तथा अन्य निर्वाचन सामग्री के रख-रखाव से संबंधित सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वेयरहाउस की निगरानी व्यवस्था लगातार प्रभावी बनी रहे और सुरक्षा से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

निर्धारित समयसीमा में पूरी हो एफएलसी की तैयारी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि फर्स्ट लेवल चेकिंग निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसलिए इससे संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करने को कहा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरूण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, डिप्टी कलेक्टर पूर्वा शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।