हरियाणा: बड़ौली-अच्छेजा में गूंजी सामाजिक एकजुटता की हुंकार, गुर्जर स्वाभिमान रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प!!
दो टूक//पलवल, हरियाणा। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के तत्वावधान में बड़ौली और अच्छेजा गांव में सामाजिक संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। संगोष्ठियों में समाज की एकजुटता, शिक्षा, युवाओं की भागीदारी, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, शासन में प्रभावी भागीदारी और समाज के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान आगामी 27 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर प्रस्तावित गुर्जर स्वाभिमान रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीशचंद भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ रामकेश चपराना, वीरेंद्र बिधूड़ी, रविंद्र बिधूड़ी, सुनील भाटी, उदित नारायण बैसला, गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, जयवीर भड़ाना और अर्णव चौधरी सहित महासभा के पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती की बुनियाद शिक्षा, संस्कार, आपसी भाईचारे और एकजुटता पर टिकी है। युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ व्यवसाय और रोजगार के नए अवसरों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। संगठित समाज ही शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सम्मान और शासन में अपनी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर समाज के लोगों से बड़ी संख्या में 27 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम पहुंचकर गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान इंद्र बैसला और हरिप्रकाश सरपंच सहित अन्य पदाधिकारियों और उपस्थित समाजबंधुओं ने रैली में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने तथा इसे ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामवासियों ने महासभा के पदाधिकारियों और अतिथियों का डीजे एवं ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने अतिथियों को पगड़ी पहनाकर तथा पुष्पमालाएं भेंट कर सम्मानित किया। इससे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिव सिंह बोहरा ने की, जबकि मंच का संचालन करतार मास्टर जी ने किया।
इस अवसर पर राजेंद्र कैप्टन, राजेंद्र भगत जी, दयाराम फागना, संतराम ठेकेदार, भगत सिंह नागर, बेगराज मावी, महेंद्र फागना, कर्म सिंह नेताजी, प्रहलाद सरपंच, पप्पी सरपंच, किरण सरपंच, कृष्ण मेंबर, सोनू गुर्जर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।।
