मंगलवार, 22 सितंबर 2026

गोण्डा- “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम की हुई समीक्षा बैठक

शेयर करें:
गोण्डा- स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से जिले में चलाये जा रहे “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम की समीक्षा बैठक सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्युदर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है। इसके लिए समुदाय में डायरिया के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देना अति आवश्यक है। इसके साथ ही डायरिया केस की रिपोर्टिंग एचएमआईएस व E-kavach पर सुनिश्चित की जाए।  
बैठक में पीएसआई इंडिया के पंकज पाठक ने बताया कि पीएसआई इंडिया द्वारा जनपद गोण्डा में 30 छाया ग्रामीण स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्रों का सहयोगात्मक निरीक्षण किया गया है। साथ ही ग्रह भ्रमण के द्वारा जनसमुदाय में डायरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य भी किया जा रहा है। अब तक 1346 आशा कार्यकर्ताओं, 206 एएनएम व 46 आशा संगिनी और 1310 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा 34 मुख्य सेविकाओं, 23 चिकित्सकों व 23 स्टॉफ नर्स का डायरिया पर अभिमुखीकरण किया गया है। इसके साथ ही पीएसआई इंडिया द्वारा पिछले तीन माह के दौरान जिले में आयोजित की गयीं गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। स्टॉप डायरिया कैंपेन के दौरान 3 प्रचार वाहनों द्वारा की गई कवरेज पर भी चर्चा की गई। बैठक में एसीएमओ डॉ. सीके वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) अमरनाथ, डीसीपीएम डॉ आरपी सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।