शुक्रवार, 18 सितंबर 2026

मुजफ्फरनगर में रात के अंधेरे में गूंजी किसानों की आवाज, जीआईसी मैदान में भाकियू टिकैत की महापंचायत में उमड़ा जनसैलाब !!

शेयर करें:

मुजफ्फरनगर में रात के अंधेरे में गूंजी किसानों की आवाज, जीआईसी मैदान में भाकियू टिकैत की महापंचायत में उमड़ा जनसैलाब !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में किसानों के विभिन्न मुद्दों को लेकर पहली बार रात्रि में आयोजित किसान मजदूर महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान जुटे। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जीआईसी मैदान में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में आयोजित महापंचायत में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से पहुंचे। महापंचायत के दौरान किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे जोर-शोर से उठाए गए।

महापंचायत में गन्ने के उचित भाव और बकाया भुगतान, किसानों को मुफ्त बिजली, आवारा पशुओं की समस्या, खाद की किल्लत, बीज की उपलब्धता, बिजली विधेयक तथा भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते समेत कई विषयों पर चर्चा हुई। किसानों ने कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के समाधान और सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने की बात कही।

महापंचायत में भाकियू टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी पहुंचे। इसके अलावा आसपास के राज्यों से आए किसान नेताओं और संगठन के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। खानपुर से विधायक उमेश शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि भी पंचायत में मौजूद रहे। महापंचायत को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई और अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी।

महापंचायत के दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर राकेश टिकैत एवं यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एडीएम प्रशासन और एसपी सिटी को दिया गया, जिसमें किसानों से जुड़े मुद्दों को शासन स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान की मांग की गई।

एसपी सिटी अमृत जैन ने कहा कि प्रशासन ने किसानों का ज्ञापन प्राप्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन को संबंधित अधिकारियों और उचित स्तर तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने मुजफ्फरनगर पहुंचे सभी किसान भाइयों का स्वागत किया।

रात्रि में आयोजित इस महापंचायत में किसानों की भारी मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। जीआईसी मैदान में देर रात तक किसानों की आवाज गूंजती रही और मंच से कृषि एवं किसान हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। पुलिस-प्रशासन की ओर से भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।।