रविवार, 13 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: मोटरसाइकिल से करता था रेकी, ताला तोड़कर उड़ाता था माल; शातिर चोर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मोटरसाइकिल से करता था रेकी, ताला तोड़कर उड़ाता था माल; शातिर चोर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-113 नोएडा पुलिस ने फ्लैट और मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पीली और सफेद धातु की ज्वैलरी, 8,910 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक लोहे की सरिया बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर एनसीआर क्षेत्र के सेक्टरों और सोसाइटियों में बंद मकानों और फ्लैटों की रेकी करता था और मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार 12 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र पुत्र शीशपाल को सर्फाबाद मुखिया मार्केट के सामने कच्चे रास्ते के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की पीली व सफेद धातु की ज्वैलरी, 8,910 रुपये नकद, एक लोहे की सरिया और घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या DL7SCQ6014 बरामद हुई।

बंद मकान और फ्लैटों को बनाता था निशाना

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल से एनसीआर क्षेत्र में घूमकर अलग-अलग सेक्टरों और सोसाइटियों में रेकी करता था। जिस मकान या फ्लैट पर ताला बंद मिलता था, उसे निशाना बनाता था। मौका पाकर लोहे की सरिया की मदद से ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता और वहां रखा कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ नोएडा के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, सेंधमारी और आयुध अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी का विवरण

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र पुत्र शीशपाल, निवासी ग्राम अनवरपुर, थाना पिलखुआ, जनपद हापुड़, वर्तमान पता न्यू कोंडली, थाना न्यू अशोक नगर, पूर्वी दिल्ली, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है।

यह सामान हुआ बरामद

  • चोरी की पीली और सफेद धातु की ज्वैलरी
  • चोरी के 8,910 रुपये नकद
  • वारदात में प्रयुक्त लोहे की सरिया
  • हीरो कंपनी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या DL7SCQ6014

कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 तक थाना सेक्टर-39, सेक्टर-49, फेस-3, सेक्टर-24 और सेक्टर-113 नोएडा समेत विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, चोरी का माल बरामद होने, सेंधमारी और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।

थाना सेक्टर-113 में आरोपी के खिलाफ वर्ष 2026 में मुकदमा संख्या 396/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत भी अभियोग पंजीकृत है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके द्वारा एनसीआर क्षेत्र में की गई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।।