गुरुवार, 10 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर निकली बाइक रैली, जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर निकली बाइक रैली, जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

12 सितंबर को गौतमबुद्धनगर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण का मिलेगा अवसर

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 10 सितंबर 2026। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर गौतमबुद्धनगर में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव ने यातायात पुलिस विभाग की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाइक रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने लंबित मामलों का त्वरित एवं सुलभ निस्तारण कराने के लिए जागरूक किया गया।

रैली में यातायात पुलिस की करीब 30 बाइक शामिल रहीं। बाइक रैली दीवानी न्यायालय परिसर से शुरू होकर एलजी चौक, जगतफार्म होते हुए परीचौक तक निकाली गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा आमजन को पेम्प्लेट वितरित कर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा लोगों से अधिकाधिक संख्या में इसका लाभ उठाने की अपील की गई।

12 सितंबर को जनपद मुख्यालय और तहसील न्यायालयों में होगी लोक अदालत

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026, द्वितीय शनिवार को सुबह 10 बजे से जनपद मुख्यालय के साथ-साथ जनपद की समस्त तहसील न्यायालयों में किया जाएगा। इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित वादों का निस्तारण आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर किया जाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर वाहन चालान, मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम से संबंधित वाद, वैवाहिक मामले, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम के वाद, दीवानी वाद, एनआई एक्ट एवं ई-चालान के मामले, आर्बिट्रेशन के वाद, लघु शमनीय वाद (Petty Cases), एनआई एक्ट की धारा 138 के वाद, विद्युत अधिनियम तथा भू-राजस्व से संबंधित मामलों सहित अन्य प्रकृति के मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

इसके अलावा सेवा संबंधी मामले, पेंशन प्रकरण, श्रम से संबंधित मामले तथा प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण, विद्युत बिल और बीएसएनएल के टेलीफोन बिल से संबंधित प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।

त्वरित और सुलभ न्याय के लिए लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील

माननीय जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित, सुलभ एवं आपसी सहमति से निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत लोगों को अपने मामलों का सरल प्रक्रिया के माध्यम से समाधान प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

जनसामान्य की सुविधा के लिए टेली सेवा भी संचालित की गई है। राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए मोबाइल नंबर 7678643985 पर संपर्क किया जा सकता है।

बाइक रैली के अवसर पर अपर जिला जज प्रथम सुनील कुमार, अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (एस.टी. एक्ट.) एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विरेक अग्रवाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण मौजूद रहे। वहीं यातायात पुलिस विभाग की ओर से एसीपी पवन कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रफुल्ल श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर सूरजपुर संजीव उज्जवल सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।।