गुरुवार, 10 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-82 में सीवर ओवरफ्लो से लोग बेहाल, जीएम आरपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को लगाई फटकार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-82 में सीवर ओवरफ्लो से लोग बेहाल, जीएम आरपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को लगाई फटकार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ढाई साल से समस्या का समाधान न होने पर आरडब्ल्यूए ने जताई नाराजगी, जीएम ने सीवर लाइन उठाने और सेक्टर-92 एसपीएस से जोड़ने के दिए निर्देश

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-82 के पॉकेट-7 में लंबे समय से चली आ रही सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या का जायजा लेने के लिए गुरुवार को नोएडा प्राधिकरण के जीएम आरपी सिंह अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे। मौके पर अधिकांश सीवर लाइनें ओवरफ्लो होती मिलीं, जिस पर जीएम ने संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए लापरवाही के लिए फटकार लगाई।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने बताया कि पॉकेट-7 में पिछले करीब ढाई वर्षों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। वह लगातार इस समस्या को प्राधिकरण के अधिकारियों के समक्ष उठाते आ रहे हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि बुधवार को उन्होंने फोनरवा ग्रुप पर भी समस्या को लेकर सख्त शब्दों में अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद बुधवार को ही प्राधिकरण के प्रबंधक और अवर अभियंता मौके पर पहुंचे थे।

इसके अगले दिन गुरुवार को जीएम आरपी सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक प्रेम चंद सैन, प्रबंधक विवेक कुमार सिंह और अवर अभियंता अशोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर सीवर ओवरफ्लो की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से समस्या की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के सामने समस्या की वास्तविक स्थिति सामने आने पर जीएम आरपी सिंह ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान की दिशा में काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पॉकेट में दबी हुई सीवर लाइन को उठाने, पॉकेट की सीवर लाइन को सेक्टर-92 स्थित एसपीएस से जोड़ने तथा आवश्यकतानुसार सम्पवेल बनाने के निर्देश दिए। जीएम ने अधिकारियों को काम में किसी तरह की देरी न करने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी जीएम आरपी सिंह ने पॉकेट का दौरा किया था और सीवर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। हालांकि, समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि इस बार जिस गंभीरता से जीएम ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं, उससे अब पॉकेटवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस समय सीवर ओवरफ्लो की समस्या के कारण पॉकेटवासियों का जीना मुहाल हो गया है। सीवर का गंदा पानी बाहर न निकल पाने के कारण बार-बार ओवरफ्लो की स्थिति बन रही है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि पॉकेट के बाहर स्थित सीवर लाइन चौक होने के कारण पानी आगे नहीं जा पा रहा है। जब बाहर की लाइन में पानी की निकासी नहीं होगी तो पॉकेट की सीवर लाइन ओवरफ्लो होना स्वाभाविक है। ऐसे में समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब बाहरी लाइन की क्षमता और कनेक्टिविटी को दुरुस्त किया जाए।

आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण द्वारा अब जल्द काम शुरू किए जाने से लंबे समय से सीवर की समस्या झेल रहे पॉकेट-7 के निवासियों को राहत मिलेगी।

इस अवसर पर आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष रवि राघव, कोषाध्यक्ष सुशील पाल, विकास कुमार, गोरे लाल, रमेश शर्मा, विष्णु शर्मा, संजय शुक्ला, रोहताश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।।