गौतमबुद्धनगर: पिंक रोजगार मेले में बेटियों को मिला रोजगार का सुनहरा अवसर, 263 युवतियों को मिले नियुक्ति-पत्र!!
17 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 486 छात्राओं एवं युवतियों ने कराया पंजीकरण; विधायक तेजपाल नागर ने किया शुभारंभ, डीएम मेधा रूपम ने बढ़ाया बेटियों का हौसला
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 10 सितंबर 2026। महिला सशक्तिकरण और युवतियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला सेवायोजन विभाग की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम समेत प्रशासन, शिक्षण संस्थान और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पिंक रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 17 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार के अवसर तलाश रहीं छात्राओं एवं युवतियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले के लिए 300 से अधिक ऑनलाइन और 186 ऑफलाइन समेत कुल 486 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 263 छात्राओं एवं युवतियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति-पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विधायक तेजपाल नागर, जिलाधिकारी मेधा रूपम, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्या दीपिका दुबे तथा आर्या फैशन्स की संस्थापिका खुशबू सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए।
रोजगार से आत्मनिर्भर बनेंगी बेटियां : तेजपाल नागर
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार युवाओं को उनकी योग्यता, कौशल और प्रतिभा के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पिंक रोजगार मेले जैसे आयोजन युवतियों को सीधे रोजगारदाताओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
डीएम मेधा रूपम ने बेटियों में भरा आत्मविश्वास
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने छात्राओं और युवतियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उनके भीतर अपार क्षमता और शक्ति है। जरूरत केवल अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा में लगाने की है। उन्होंने कहा कि आज का यह आयोजन उन बेटियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ बेहतर करियर की तलाश में हैं।
डीएम ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा—
“तुम्हें खुद को आम नहीं, खास बनाना है,
जागो, तुम्हें अपना इतिहास बनाना है।
मंजिल दूर सही, लेकिन कदम बढ़ाते जाना है,
आज के सपनों को कल की पहचान बनाना है।”
उन्होंने कहा कि सपने तभी हकीकत में बदलते हैं, जब उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत और लगन की जाए। पिंक रोजगार मेले को एक अनूठी पहल बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इसकी शुरुआत आगे भी जारी रखी जाएगी, ताकि जनपद की अधिक से अधिक बेटियों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
उद्योग जगत और युवतियों के बीच बनी सीधी कड़ी
मेले में आर्या फैशन्स, युवा शक्ति फाउंडेशन, स्पेरी टेक्नो सॉल्यूशंस, आईएलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स, मदरसन मेट, सनन, सिद्धी इंपोर्टेड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, नवितस्य, फुरुकवा मिंडा, आर्टेमिस हॉस्पिटल, सथ्या विकास, मिंडा कॉर्पोरेशंस, युवा शक्ति स्किल इंडिया, कीटिंग प्रेस्टिज, दक्षिण राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स, गुजरात हेल्थकेयर और मिकम इंडिया समेत विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर और युवा शक्ति फाउंडेशन के बीच रोजगार संवर्धन के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से युवतियों को रोजगार के साथ-साथ उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर भी मिलेगा।
रोजगार मेले नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें कंपनियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और प्रतिभा के आधार पर साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को एक ही मंच पर कई कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के अधिकारियों-कर्मचारियों, संबंधित विभागीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में छात्राओं एवं युवतियों की मौजूदगी रही।।
