मऊ :
कोपागंज में 5.27 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण।
◆नगरवासियों की समस्याओं का समाधान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता : अरशद रेयाज
दो टूक : मऊ के नगर पंचायत कोपागंज के वार्ड नंबर-5 हिकमा गाड़ा में शुक्रवार को करीब 5.27 लाख रुपये की लागत से कराए गए दो विकास कार्यों का लोकार्पण चेयरपर्सन प्रतिनिधि अरशद रेयाज ने किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
मस्जिद आयशा से चमन रोड पुलिया तक करीब 2.94 लाख रुपये की लागत से नाले पर स्लैब एवं गली सुधार कार्य तथा मौलवी एहसानुल्लाह के मकान से बाबू होटल तक करीब 2.33 लाख रुपये की लागत से नाली एवं जिग-जैग इंटरलॉकिंग कार्य कराया गया है।
लोकार्पण के बाद नगरवासियों को संबोधित करते हुए अरशद रेयाज ने कहा कि कोपागंज के जिस भी क्षेत्र में नागरिक समस्याएं हैं, उन्हें दूर कर लोगों को राहत पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है। नगर को स्वच्छ, सुगम और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नालों और नालियों का निर्माण एवं मरम्मत कराया जा रहा है। इसके साथ ही पाइपलाइन बिछाने, रोड लाइट लगाने तथा रास्तों के निर्माण सहित अन्य विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि थाना से चौक होते हुए ओड़ियाना बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू कराया जाएगा।
अरशद रेयाज ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। कार्य पूरे होने के बाद उन्हें चरणबद्ध तरीके से नगरवासियों को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और जिन क्षेत्रों में कार्य अधिक आवश्यक हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है।
इस अवसर पर सपा नेता अल्ताफ अंसारी, नेसार अहमद प्रधान, ऐनुद्दीन, कुद्दुस अंसारी, इम्तेयाज बीएचयू, अब्दुल हक, मुश्ताक, जाफर, इमरान प्रधान, उस्मान, परवेज, हबीब, मौलवी सलमान, इरशाद, नेजामी, अमीरुल्लाह, इस्लाम, खलीक शमीम, एहसानुल्लाह, ऐनुल, वहाब सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
