गौतमबुद्धनगर: हिंडन डूब क्षेत्र में नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, 27,800 वर्ग मीटर जमीन से अवैध निर्माण-अतिक्रमण ध्वस्त!!
सेक्टर-144 पुस्ता रोड के पास हुई कार्रवाई, दोबारा निर्माण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
दो टूक//नोएडा। हिंडन डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर-144 स्थित पुस्ता रोड के साथ हिंडन डूब क्षेत्र में अभियान चलाकर करीब 27,800 वर्ग मीटर भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण की कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण को मौके पर ही हटाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हिंडन डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद अतिक्रमणकर्ताओं को चेतावनी दी गई कि वे दोबारा उक्त भूमि पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण न करें।
अधिकारियों ने कहा कि हिंडन डूब क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर दोबारा निर्माण किए जाने की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ पुनः प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
नोएडा प्राधिकरण द्वारा डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी तरह के अवैध कब्जे या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।
