गौतमबुद्धनगर: बिसरख में कार चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की स्विफ्ट डिजायर और वारदात में इस्तेमाल बलेनो बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में कार चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्विफ्ट डिजायर कार के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन उर्फ रौनक और पीयूष उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 11 सितंबर 2026 को थाना बिसरख क्षेत्र से स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूपी 38 एटी 5622 चोरी की थी। घटना के संबंध में पीड़ित की लिखित शिकायत पर थाना बिसरख में मुकदमा संख्या 663/2026 दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान थाना बिसरख पुलिस ने 15 सितंबर को दोनों आरोपियों को सेक्टर-3 सी ब्लॉक स्थित गौशाला की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई स्विफ्ट डिजायर कार बरामद करने के साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई बलेनो कार संख्या एचआर 87 आर 2642 भी बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों में करन उर्फ रौनक पुत्र कालिका सिंह, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी साईं वन सिटी-1, ग्राम रोजा जलालपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर और पीयूष उर्फ गोलू पुत्र उदय सिंह, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम फरोल नगरिया, थाना मटसेना, फिरोजाबाद, हाल निवासी महालक्ष्मी गार्डन, रोजा जलालपुर, थाना बिसरख शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्विफ्ट डिजायर कार इसी मुकदमे से संबंधित है, जबकि बलेनो कार का इस्तेमाल घटना में किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई के बाद कार चोरी की इस घटना का खुलासा हो गया है। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।।
