गुरुवार, 24 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: यमुना एक्सप्रेसवे बस अग्निकांड में बड़ी कार्रवाई, 9 मौतों के मामले में चालक-परिचालक समेत तीन गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यमुना एक्सप्रेसवे बस अग्निकांड में बड़ी कार्रवाई, 9 मौतों के मामले में चालक-परिचालक समेत तीन गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

जेवर पुलिस ने साबौता अंडरपास से दबोचे तीनों आरोपी, घटना के बाद बस छोड़कर हो गए थे फरार

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से हुई दर्दनाक दुर्घटना के मामले में जेवर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बस के दो चालकों और परिचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हुई थी। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने 24 सितंबर को साबौता अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन पुत्र विनोद, निवासी ग्राम कनपटियापुर, थाना रसूलाबाद, कानपुर देहात, योगेश दीक्षित पुत्र श्रीकांत दीक्षित, निवासी ग्राम पिनदारथु, थाना सिकंदरा, कानपुर देहात और रोहित कुमार पुत्र राज कुमार, निवासी ग्राम अकबरपुर, कानपुर देहात के रूप में हुई है। पवन और योगेश बस के चालक, जबकि रोहित बस का परिचालक था।

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 की रात बस नंबर BR 32 PA 8647 नई दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा की ओर जा रही थी। यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक बस में आग लग गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और आग की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई।

घटना के संबंध में थाना जेवर में मु0अ0सं0 319/2026 के तहत धारा 281, 125बी, 105 और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि बस के चालक और परिचालक घटना के बाद मौके से फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने उनकी तलाश शुरू की और 24 सितंबर को साबौता अंडरपास के पास से तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे 23 सितंबर को बस लेकर नई दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रहे थे। उनके अनुसार, बस का संचालन राज कल्पना ट्रैवल्स, मध्य प्रदेश द्वारा किया जाता है और बस का पंजीकरण बिहार राज्य का है। बस में अचानक आग लगने के बाद वे वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।।