शनिवार, 26 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-92 को मिली 5.55 करोड़ की विकास सौगात, विधायक पंकज सिंह ने किया विभिन्न कार्यों का शिलान्यास!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-92 को मिली 5.55 करोड़ की विकास सौगात, विधायक पंकज सिंह ने किया विभिन्न कार्यों का शिलान्यास!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-92 स्थित सामुदायिक केंद्र में शनिवार को नोएडा विधायक पंकज सिंह ने सेक्टरवासियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान विधायक पंकज सिंह ने सेक्टर-92 में नोएडा प्राधिकरण की ओर से कराए जाने वाले विभिन्न विकास एवं अनुरक्षण कार्यों का शिलान्यास भी किया। इन कार्यों पर करीब 5.55 करोड़ रुपये की लागत आएगी। विकास कार्यों में सामुदायिक केंद्र के अनुरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सेक्टर की सड़कों पर बिटुमिनस कंक्रीट का कार्य तथा पार्क के समीप नए शौचालय का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है।

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि सेक्टरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पार्क, सामुदायिक सुविधाओं और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागीय अधिकारी मिलकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।

कार्यक्रम में सेक्टर-92 के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, स्थानीय निवासी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सेक्टरवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।।