गौतमबुद्धनगर: फिजियो भारत-8 में फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन का शोध अव्वल, पूरी टीम को मिला सम्मान!!
डॉ. महीपाल सिंह को फिजियो भारत सेवा रत्न, डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, डॉ. सुष्मिता भाटी और अभिनव प्रताप सिंह भी सम्मानित
दो टूक//नोएडा/गुरुग्राम। आर्टेमिस अस्पताल, गुरुग्राम में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फिजियो भारत-8 सम्मेलन में नोएडा स्थित फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन ने अपने उत्कृष्ट शोध कार्य के दम पर खास पहचान बनाई। सम्मेलन में फाउंडेशन की ओर से प्रस्तुत शोध को निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ मानते हुए पूरी टीम को सम्मानित किया। फाउंडेशन की इस उपलब्धि से नोएडा के फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास क्षेत्र में काम कर रहे विशेषज्ञों में भी उत्साह है।
13 सितंबर को आयोजित सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों फिजियोथेरेपिस्ट, चिकित्सकों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया। इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय "आकलन, साक्ष्य और मूल्यांकन के माध्यम से दर्द प्रबंधन कौशल को आगे बढ़ाना" रखा गया था। सम्मेलन में दर्द प्रबंधन, मरीजों के बेहतर उपचार, शोध आधारित चिकित्सा पद्धतियों और फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में हो रहे नवीन कार्यों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन की टीम ने सम्मेलन में अपने शोध कार्य को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे विशेषज्ञों और निर्णायक मंडल ने सराहा। उत्कृष्ट शोध प्रस्तुति के लिए फाउंडेशन की पूरी टीम को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन की सदस्य विधा पांडे ने पोस्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से शोध कार्य प्रस्तुत किया, जिसकी सम्मेलन में मौजूद विशेषज्ञों ने विशेष रूप से सराहना की।
फाउंडेशन के विशेषज्ञों को मिले प्रतिष्ठित सम्मान
सम्मेलन के दौरान फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के सदस्यों को उनके व्यक्तिगत योगदान के लिए भी विभिन्न प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
फाउंडेशन के डॉ. महीपाल सिंह को उनके समर्पण, सेवाभाव और मरीजों के प्रति निरंतर योगदान के लिए फिजियो भारत सेवा रत्न पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव को रोगी सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए फिजियो भारत रोगी सेवा रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसी क्रम में शिक्षा एवं शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. सुष्मिता भाटी को शैक्षणिक उत्कर्ष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जबकि उभरती प्रतिभा के रूप में बेहतर कार्य करने के लिए अभिनव प्रताप सिंह को उभरती प्रतिभा रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया।
शोध और मरीजों की बेहतर सेवा के लिए प्रतिबद्ध फाउंडेशन
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में शोध को सर्वश्रेष्ठ चुना जाना और टीम के सदस्यों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान मिलना पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और शोध के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। इन सम्मानों से पूरी टीम को भविष्य में और बेहतर कार्य करने तथा पुनर्वास एवं फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में नए शोध और मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रेरणा मिलेगी।
फाउंडेशन की टीम ने कहा कि उनका उद्देश्य आधुनिक शोध, विशेषज्ञ सेवाओं और मानवीय संवेदनाओं के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को बेहतर पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराना है। फिजियो भारत-8 सम्मेलन में मिली यह सफलता फाउंडेशन के इसी प्रयास को राष्ट्रीय मंच पर मिली महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखी जा रही है।।
