गौतमबुद्धनगर: यूपी को ग्लोबल टेक्सटाइल हब बनाने की तैयारी तेज, लखनऊ में 8-9 सितंबर को होगा ‘यू.पी. टैक्स-2026’ का भव्य आयोजन!!
नोएडा में 3 सितंबर को होगा कर्टेन रेजर एवं रोड शो, देश-विदेश के निवेशकों और टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े दिग्गजों को एक मंच पर लाने की तैयारी
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 1 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र एवं टेक्सटाइल उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसी उद्देश्य से हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग की ओर से ‘यू.पी. टैक्स-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय यह महत्वपूर्ण सम्मेलन 8 और 9 सितंबर 2026 को लखनऊ स्थित जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। सम्मेलन का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा।
परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त (हथकरघा), हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, पश्चिम क्षेत्र मेरठ/सहारनपुर मंडल अरविंद कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘यू.पी. टैक्स-2026’ के माध्यम से उत्तर प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे वस्त्र उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ निवेश, रोजगार और निर्यात की संभावनाओं को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
नोएडा में 3 सितंबर को होगा कर्टेन रेजर और रोड शो
मुख्य सम्मेलन से पहले 3 सितंबर 2026 को नोएडा में ‘यू.पी. टैक्स-2026’ का कर्टेन रेजर एवं रोड शो आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन भवन, बी-110/ए, सेक्टर-6, नोएडा में होगा।
कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान करेंगे। रोड शो के जरिए टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों, निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों को सम्मेलन के उद्देश्यों, संभावनाओं और प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
नीति निर्माता से लेकर वैश्विक निवेशक तक होंगे एक मंच पर
‘यू.पी. टैक्स-2026’ को प्रदेश के वस्त्र उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच के रूप में देखा जा रहा है। सम्मेलन में नीति निर्माता, वैश्विक निवेशक, वस्त्र निर्माता, निर्यातक और टेक्सटाइल सेक्टर से जुड़े नवप्रवर्तक एक मंच पर जुटेंगे।
सम्मेलन के माध्यम से उत्तर प्रदेश में टेक्सटाइल एवं हथकरघा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को सामने लाने, उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की दिशा में चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रदेश सरकार का फोकस टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, नवाचार, उत्पादन क्षमता, निर्यात और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने पर है। ऐसे में ‘यू.पी. टैक्स-2026’ उत्तर प्रदेश के वस्त्र उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नोएडा में आयोजित होने वाला रोड शो इस बड़े आयोजन की तैयारियों को गति देने के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं कारोबारी क्षेत्र को भी सम्मेलन से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
