लखनऊ :
शादी नहीं, दहेज के लिए साजिश! 50 लाख और SUV की मांग।।
●पहले मंगनी तोड़ी फिर किया विवाह, शुरु हुआ विवाद,केस दर्ज।।
दो टूक : लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर 50 लाख रुपये नकद और SUV कार की मांग को लेकर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना, स्त्रीधन हड़पने, कमरे में बंद कर जान से मारने की धमकी और बच्चे के अपहरण की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
विस्तार :
पीडिता नेहां राय की तहरीर के मुताबिक 14 मई 2022 को आजमगढ़ निवासी विवेकानन्द राय से विवाह हुआ था।
पीडिता का आरोप है कि सगाई के दौरान मायके पक्ष ने 10 लाख रुपये दिए थे, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष ने 50 लाख रुपये नकद और एक SUV कार की अतिरिक्त मांग रख दी। मांग पूरी न होने पर पहले तय शादी तोड़ने का दबाव बनाया गया। बाद में सामाजिक दबाव के बीच दोबारा तिलक में 10 लाख रुपये देने के बाद शादी समपन्न हुई शादी के अगले दिन से ही पति विवेकानन्द राय, सास चन्द्रकला राय, ससुर संकठा प्रसाद राय और देवर देवेश राय दहेज को लेकर ताने देने लगे। पति पर शराब के नशे में मारपीट, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना और जबरन संबंध बनाने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं सास पर विवाहिता के आभूषण और स्त्रीधन जबरन अपने पास रखने का आरोप है। इतना ही नही दहेज के लिए पूरा परिवार एक साजिश के तहत शादी किया था जो पूरा नही हुआ।
●दो करोड़ के मकान पर भी नजर?
पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया कि 14 मार्च 2025 को पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और धमकी दी कि यदि उसने मायके से बनारस स्थित करीब दो करोड़ रुपये का मकान उन्हें नहीं दिलाया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
बच्चे के जन्म के बाद भी कथित दहेज मांग जारी रहने का आरोप है।
पीड़िता के मुताबिक 17 सितंबर 2025 को पुत्र के जन्म के बाद भी 50 लाख रुपये और SUV की मांग को लेकर उसके पिता पर दबाव बनाया गया। 23 अक्टूबर को पति ने कथित तौर पर उसके पिता से कहा कि बेटी अब तभी उनके पास जाएगी, जब 50 लाख रुपये और SUV मिलेगी। 7 नवंबर 2025 को व्हाट्सऐप पर गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
मायके में घुसकर माता-पिता पर हमला, बच्चे के अपहरण का आरोप।
मामले ने 6 मार्च 2026 को उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब पीड़िता के अनुसार उसका पति विवेकानन्द राय अपने मित्र शुभम सिंह के साथ लखनऊ स्थित उसके मायके पहुंचा और माता-पिता से मारपीट की। आरोप है कि हमले में उसकी मां को गंभीर चोटें आईं, जिनका इलाज एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में कराया गया। पीड़िता ने दोनों पर उसके बच्चे का अपहरण करने की कोशिश और असफल होने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद उसके पिता ने 112 नंबर पर सूचना दी।
पीड़िता ने अपने पति, सास, ससुर, ननद स्मिता राय, देवर देवेश राय और पति के मित्र शुभम सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना समेत अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई और अपने परिवार व बच्चे की सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब आरोपों की जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
