लखनऊ :
बंद मकान का ताला तोड़कर 40 लाख की चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गोमती नगर पुलिस टीम और पूर्वी जोन की क्राइम,सर्विलांस टीम ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है गिरोह ने गोमतीनगर में करीब 40 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 5 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार 30 अगस्त को विश्वासखंड निवासी अनघ शुक्ल ने गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया कि 26 अगस्त की रात से 30 अगस्त की सुबह के बीच चोर मकान का ताला और कुंडी तोड़कर अंदर घुसे तथा लोहे की अलमारी का कब्जा काटकर दो सोने के हार, चार चूड़ियां, दो चेन, तीन अंगूठियां, ब्रेसलेट, दो लाख रुपये नकद समेत करीब 40 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फुटेज में दिखाई देने वाली मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध दोबारा विश्वासखंड क्षेत्र में बंद मकानों की रेकी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने आरआर बंधा रोड के पास घेराबंदी कर मो. तफहीम उर्फ राजू, अरुण वर्मा और सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने चार पीली धातु के कंगन, तीन पुरुषों की अंगूठियां, दो हार, दो चेन, ब्रेसलेट, झुमकियां, मोती लगे टॉप्स, छह पायल, छह बिछुए और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने बरामद माल को गोमतीनगर और चिनहट थाने में दर्ज चार मुकदमों से संबंधित बताया है।
बिना नंबर की बाइक से करते थे रेकी
पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना मो. तफहीम उर्फ राजू पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसका साथी शोएब जेल जाने के बाद तफहीम ने अधिक पैसे कमाने का लालच देकर अरुण और सुमित को गिरोह में शामिल किया। तीनों बिना नंबर की मोटरसाइकिल से घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। मकान चिन्हित करने के बाद रात में बाउंड्री फांदकर ताला तोड़ते और चोरी का सामान सुरक्षित स्थान पर छिपा देते थे। बाद में मौका मिलने पर चोरी के माल को बेचकर रकम हासिल करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता और बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: मो. तफहीम उर्फ राजू निवासी बाराबंकी, वर्तमान निवासी चिनहट लखनऊ, अरुण वर्मा निवासी ठाकुरगंज और सुमित कुमार निवासी चिनहट, लखनऊ।
