गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-20 में पुलिस की फुट पेट्रोलिंग, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के साथ सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षित वातावरण का भरोसा कायम रखने के लिए पुलिस लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय है। इसी क्रम में थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों ने फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी नोएडा साद मिया खान और एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पैदल भ्रमण किया। इस दौरान प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी-1 ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए और संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर प्रभावी ढंग से चेकिंग की जाए।
उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही क्षेत्र में तैनात सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य अपराध की रोकथाम के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
