गौतमबुद्धनगर: मिशन सहयोग ने लौटाई खुशियां: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 35 लाख के 101 गुमशुदा स्मार्टफोन बरामद कर मालिकों को लौटाए!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने “मिशन सहयोग” के तहत एक बार फिर सराहनीय कार्य करते हुए लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस सेल सेन्ट्रल नोएडा की टीम ने तकनीकी संसाधनों और CEIR पोर्टल की मदद से अलग-अलग कंपनियों के 101 कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।
तकनीकी विश्लेषण के जरिए खोजे गए गुम मोबाइल
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल फोन लोगों के भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटो व बसों में सफर के दौरान तथा सुबह-शाम टहलते समय कहीं गिर गए थे या छूट गए थे। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उनके स्वामियों द्वारा सेन्ट्रल नोएडा जोन के विभिन्न थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस सेल सेन्ट्रल नोएडा द्वारा मोबाइल फोनों की तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया गया। CEIR पोर्टल और सर्विलांस तकनीक की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस टीम को 101 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।
मोबाइल वापस मिलते ही खिले लोगों के चेहरे
पुलिस द्वारा बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद उन्हें सुपुर्द कर दिए गए। लंबे समय बाद अपना कीमती मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस और सर्विलांस सेल की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि मोबाइल फोन महंगा होने के साथ-साथ उसमें मौजूद व्यक्तिगत और जरूरी डेटा भी उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण था। पुलिस की तकनीकी पहल से उन्हें अपना सामान दोबारा मिल सका।
CEIR पोर्टल बना गुम मोबाइल तलाशने में कारगर माध्यम
गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों का लगातार प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है। CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन के IMEI नंबर की मदद से उन्हें ट्रैक और ब्लॉक करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया गया है।
“मिशन सहयोग” के तहत की गई यह कार्रवाई न केवल पुलिस की तकनीकी दक्षता को दर्शाती है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता को भी सामने लाती है। 101 मोबाइल फोन की बरामदगी से करीब 35 लाख रुपये की संपत्ति लोगों को वापस मिलना गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।।
