बुधवार, 2 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को नई दिशा देने वाला कदम, यूपी आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को नई दिशा देने वाला कदम, यूपी आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में किया UPCOS के लोगो, वेबसाइट और पोर्टल का अनावरण व शुभारंभ, ग्रेटर नोएडा में हुआ सजीव प्रसारण

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 2 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश में आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित, सशक्त और बेहतर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के लोगो का अनावरण करते हुए इसकी वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कार्मिकों के हितों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में किया गया। बड़ी संख्या में अधिकारियों और आउटसोर्स कर्मचारियों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दादरी विधायक तेजपाल नागर, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।

आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में सरकार की बड़ी पहल

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के बाद दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर स्थानीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आउटसोर्स सेवा निगम की शुरुआत प्रदेश के आउटसोर्स कार्मिकों के लिए एक ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से कर्मचारियों को उनके कौशल और कार्य के अनुरूप बेहतर मानदेय तथा विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिलने की दिशा में काम किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि शासन द्वारा आउटसोर्स कार्मिकों के हित में की गई घोषणाएं उनके लिए कल्याणकारी साबित होंगी और उन्हें रोजगार के साथ-साथ भविष्य की सुरक्षा का भरोसा भी देंगी। उन्होंने कहा कि निगम के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

कार्यक्रम के दौरान विधायक तेजपाल नागर ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के लाभार्थियों को स्वीकृत धनराशि के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। अधिकारियों के अनुसार, स्वीकृत धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।

इस दौरान मौजूद लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल को उनके आर्थिक हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।

सीडीओ ने बताया महत्वपूर्ण कदम

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने विधायक तेजपाल नागर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आउटसोर्स कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया है।

उन्होंने कहा कि UPCOS आउटसोर्स कार्मिकों के हितों की रक्षा और उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार की इस पहल से आउटसोर्स व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही कर्मचारियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी रास्ता मजबूत होगा।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस पहल का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मचारियों को अधिक व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ उनके हितों और भविष्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है।।