गुरुवार, 17 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी में स्मैक तस्करी का खुलासा, 26.05 ग्राम स्मैक और नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी में स्मैक तस्करी का खुलासा, 26.05 ग्राम स्मैक और नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 17 सितंबर 2026। थाना दादरी पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 26.05 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.65 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से 600 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से की गई। थाना दादरी पुलिस ने सूचना के आधार पर ओमीक्रोन-2 सर्विस रोड पर घेराबंदी कर स्मैक तस्करी के आरोपी अशोक रावल पुत्र वेद प्रकाश रावल को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 29 वर्ष है और वह ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 26.05 ग्राम स्मैक और 600 रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 462/2026, धारा 08/21 NDPS एक्ट, थाना दादरी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से नशीले पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।।