बुधवार, 23 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर की 20 सोसाइटियों में एलपीजी से पीएनजी का होगा बदलाव, पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू होगा अभियान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर की 20 सोसाइटियों में एलपीजी से पीएनजी का होगा बदलाव, पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू होगा अभियान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पीएनजी नेटवर्क वाले क्षेत्रों में घरेलू एलपीजी कनेक्शन के स्थानांतरण की तैयारी, आईजीएल और तेल कंपनियों के साथ हुई समन्वय बैठक

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 23 सितंबर 2026।
गौतमबुद्धनगर में पीएनजी नेटवर्क से जुड़ी सोसाइटियों में घरेलू एलपीजी की निर्भरता कम करने और उपभोक्ताओं को पीएनजी से जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल की अध्यक्षता में पीएनजी कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों एवं सोसाइटियों में घरेलू एलपीजी से पीएनजी में स्थानांतरण को लेकर महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल), तेल कंपनियों आईओसीएल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल तथा जनपद के एलपीजी वितरकों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों और प्रक्रिया के तहत पीएनजी नेटवर्क से जुड़ी सोसाइटियों की पहचान, एलपीजी उपभोक्ताओं के सत्यापन तथा पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया और नोटिस अवधि का पालन करते हुए घरेलू एलपीजी से पीएनजी में स्थानांतरित किया जाएगा। जनपद में ऐसी कई सोसाइटियां हैं, जहां पीएनजी नेटवर्क पहले से स्थापित है और उपभोक्ताओं को नोटिस दिए हुए तीन माह से अधिक समय बीत चुका है। ऐसे में पहले चरण में 20 चयनित सोसाइटियों में इस अभियान को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में संचालित किया जाएगा।

इन 20 सोसाइटियों से होगी शुरुआत

  1. दिव्यांश फ्लोरा, गौर सिटी-2
  2. व्हाइट ऑर्किड
  3. साया जियोन
  4. एवेन्यू गौर सिटी-6, ग्रेटर नोएडा वेस्ट
  5. एटीएस नोबिलिटी
  6. अमात्रा होम्स
  7. एटीएस हैप्पी ट्रेल्स
  8. रीजेंसी पार्क
  9. विहान ग्रीन्स, ग्रेटर नोएडा वेस्ट
  10. प्रोव्यू टेक्नोसिटी, सेक्टर-ची-5
  11. ओएसिस वेनेटिया हाइट्स, सूरजपुर साइट-सी
  12. मिगसन ट्विन्ज, ईटा-2
  13. ओमैक्स पाम ग्रीन, सेक्टर-म्यू
  14. पार्क्स लॉरेट, नोएडा सेक्टर-108
  15. अम्रपाली ईडन पार्क, नोएडा सेक्टर-50
  16. अम्रपाली प्लेटिनम, नोएडा सेक्टर-119
  17. डिवाइन मीडोज, नोएडा सेक्टर-108
  18. गोल्फ सिटी, नोएडा सेक्टर-75
  19. गार्डेनिया ग्लोरी, नोएडा सेक्टर-46
  20. अम्रपाली सिलिकॉन सिटी, नोएडा सेक्टर-76

सोसाइटियों में लगाए जाएंगे सुविधा और जागरूकता शिविर

उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने की प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी देने के लिए चिन्हित सोसाइटियों में जागरूकता एवं सुविधा शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा उपभोक्ताओं को नोटिस, एसएमएस, व्हाट्सऐप और अन्य माध्यमों से भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

निर्धारित नोटिस अवधि और अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन के निर्देशों के अनुसार संबंधित घरेलू एलपीजी कनेक्शनों के संबंध में कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकतानुसार घरेलू एलपीजी कनेक्शन अस्थायी रूप से बंद किए जाएंगे।

आरडब्ल्यूए और एओए से सहयोग की अपील

प्रशासन ने सभी आरडब्ल्यूए, एओए और सोसाइटी प्रबंधन समितियों से अभियान के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की है। आईजीएल, संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और एलपीजी वितरकों की टीमें आपसी समन्वय से उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगी।

इस अभियान का उद्देश्य घरेलू एलपीजी पर निर्भरता को धीरे-धीरे कम करना और घरेलू उत्पादन वाली पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देना है। प्रशासन का मानना है कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से शासन के निर्देशों को धरातल पर लागू करने के साथ-साथ जनपद में पीएनजी उपभोक्ताओं की संख्या में भी क्रमिक वृद्धि होगी।