डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू से बचाव के बताए उपाय, दंत एवं फिजियोथेरेपी को लेकर किया जागरूक
।। सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
दो टूक ,आजमगढ़ । जिले के माहुल स्थित अशरफिया इंटर कॉलेज में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला की स्वास्थ्य टीम ने करीब 200 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के उपाय बताए और स्वाइन फ्लू को लेकर जागरूक किया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नसीम खान, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. सत्य विजय पाण्डेय, आयुष चिकित्सक डॉ. आकांक्षा कबीर तथा ए एन एम चंदा गौतम ने छात्रों की जांच की। चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए साफ-सफाई, सावधानी और संक्रमण से बचने के आवश्यक उपायों की जानकारी दी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को दंत रोगों से बचाव, फिजियोथेरेपी तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के बारे में भी विस्तार से बताया गया। चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।
इस अवसर पर विद्यालय के सेक्रेटरी मोहम्मद अतहर, कार्यवाहक प्रधानाचार्य अमीर खुसरो, अरुण मिश्रा, जीशान अहमद, अशोक सिंह, अदील अहमद, मुशीर अहमद, राकेश यादव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
