गुरुवार, 3 सितंबर 2026

लखनऊ : 20 साल पहले खरीदे प्लॉट पर दबंगई करते हुए JCB से बाउंड्री ढहाई, विरोध पर मुंशी को पीटा,मालिक को भी धमकी, रिपोर्ट दर्ज।।||Lucknow : While dominating the plot bought 20 years ago, the boundary was demolished by JCB, beaten the scribe on the protest, the owner was also threatened, report was filed.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
20 साल पहले खरीदे प्लॉट पर दबंगई करते हुए JCB से बाउंड्री ढहाई, विरोध पर मुंशी को पीटा,मालिक को भी धमकी, रिपोर्ट दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के बेहसा गांव में जमीन के विवाद ने तूल पकड़ लिया है। एक प्लॉट मालिक ने आरोप लगाया है कि करीब 20 साल पहले विधिवत रजिस्ट्री कराकर खरीदे गए भूखंड की बाउंड्रीवाल को दबंगों ने JCB से दो बार ढहा दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और प्लॉट पर मौजूद मुंशी के साथ मारपीट का भी आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार : 
मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ के गोमतीनगर निवासी मो. नदीम सिद्दीकी ने स्थानीय थाना सरोजनीनगर मे तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि उन्होंने ग्राम बेहसा निवासी सुदामा और तोताराम पुत्रगण स्वर्गीय हरिराम से 5 जून 2007 को एक भूखंड खरीदा था। उक्त भूखंड की रजिस्ट्री उपनिबंधक प्रथम के कार्यालय में विधिवत दर्ज है। खरीद के बाद वर्ष 2007 में ही उन्होंने भूखंड की पक्की बाउंड्रीवाल और एक कमरे का निर्माण कराया था। जो आज तक सही सलामत रहा।
दबंगों पर JCB से बाउंड्री तोड़ने का आरोप।
पीड़ित के अनुसार 30 अगस्त 2026 को क्षेत्रीय लोगों से सूचना मिली कि कुछ लोग JCB मशीन से उनके प्लॉट की बाउंड्रीवाल तोड़ रहे हैं। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि अखिलेश रावत, जतिन, सविता रावत समेत चार अज्ञात लोग तोड़फोड़ कर रहे थे। पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।
आरोप है कि इसी दौरान अखिलेश रावत ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि करीब 20 साल पहले उनके पिता द्वारा की गई प्लॉट की रजिस्ट्री को वे नहीं मानते हैं।
बाउंड्री दोबारा बनवाई तो आधी रात फिर हमला
शिकायत के मुताबिक बाउंड्रीवाल दोबारा बनवाए जाने के बाद 1 सितंबर की रात करीब दो बजे आरोपी फिर से प्लॉट पर पहुंचे। आरोप है कि अखिलेश रावत, सविता रावत और जतिन अपने 3-4 अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे और वहां मौजूद मुंशी अयाज के साथ मारपीट की। इसके बाद निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल को दोबारा तोड़ दिया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
फोन पर प्लॉट बेचने और फिर बाउंड्री गिराने की धमकी।
पीड़ित का आरोप है कि 2 सितंबर को फोन के जरिए भी उसे प्लॉट बेचने और दोबारा बाउंड्रीवाल गिराने की धमकी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों और तोड़फोड़ से पीड़ित ने अपनी और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे  की कार्रवाई मे जुटी हुई है।