शनिवार, 26 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: शहदरा सेक्टर-140A में अतिक्रमण की कोशिश पर नोएडा प्राधिकरण का एक्शन, 2000 वर्गमीटर जमीन कराई कब्जामुक्त!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शहदरा सेक्टर-140A में अतिक्रमण की कोशिश पर नोएडा प्राधिकरण का एक्शन, 2000 वर्गमीटर जमीन कराई कब्जामुक्त!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

चारदीवारी खड़ी कर सरकारी जमीन घेरने की तैयारी थी, प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण ध्वस्त किया

दो टूक//नोएडा। शहर में प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर वर्क सर्किल-7 की टीम ने शहदरा सेक्टर-140A में अतिक्रमण के प्रयास को मौके पर ही नाकाम कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 2000 वर्गमीटर प्राधिकरण की भूमि को सुरक्षित कराया गया।

जानकारी के अनुसार, शहदरा सेक्टर-140A स्थित प्लॉट संख्या-03 और 45 मीटर चौड़ी सड़क के समीप हरिंदर खारी, रविंदर खारी, देवेंद्र खारी, लाला और राजेंद्र खारी पुत्रगण प्रीतम खारी द्वारा चारदीवारी का निर्माण शुरू किया जा रहा था। आरोप है कि निर्माण के जरिए प्राधिकरण की भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा था।

मामले की जानकारी मिलते ही वर्क सर्किल-7 की पूरी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण करने के बाद निर्माणाधीन चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया और अतिक्रमण के प्रयास को रोक दिया। कार्रवाई के बाद प्राधिकरण की लगभग 2000 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित कर लिया गया।

अवैध निर्माण पर होगी कार्रवाई

नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से उन लोगों में भी संदेश गया है, जो सरकारी अथवा प्राधिकरण की जमीन पर कब्जे की कोशिश कर रहे हैं।

नागरिकों से सहयोग की अपील

नोएडा प्राधिकरण ने शहरवासियों से अपील की है कि प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण न करें। साथ ही नागरिकों से नोएडा के सुनियोजित विकास में सहयोग करने की अपील की गई है। प्राधिकरण ने कहा कि सार्वजनिक और प्राधिकरण की भूमि को अतिक्रमण से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।।