गुरुवार, 17 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सेफ सिटी परियोजना को मिलेगी रफ्तार, ई-निविदा से पहले 130 से अधिक कंपनियों के विशेषज्ञ जुटे; सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था होगी हाईटेक!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सेफ सिटी परियोजना को मिलेगी रफ्तार, ई-निविदा से पहले 130 से अधिक कंपनियों के विशेषज्ञ जुटे; सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था होगी हाईटेक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 17 सितंबर 2026। नोएडा शहर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से मजबूत करने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। नोएडा सेफ सिटी परियोजना के तहत आईसीटी (इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी) से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए आमंत्रित ई-निविदा से पहले गुरुवार को प्राधिकरण मुख्यालय सेक्टर-96 में प्री-बिड बैठक आयोजित की गई। बैठक में देश की प्रमुख तकनीकी कंपनियों और सिस्टम इंटीग्रेटर्स के 130 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

परियोजना के तहत शहर में उन्नत तकनीकी प्रणालियों की डिजाइन, आपूर्ति, स्थापना, कार्यान्वयन और रखरखाव से जुड़े कार्य किए जाने हैं। प्री-बिड बैठक का उद्देश्य इच्छुक कंपनियों को परियोजना के कार्यक्षेत्र, तकनीकी आवश्यकताओं, पात्रता शर्तों और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना तथा निविदा प्रक्रिया से पहले उनके सवालों और सुझावों का समाधान करना रहा।

130 से अधिक प्रतिनिधियों ने रखे सवाल और सुझाव

बैठक के दौरान मास्टर सिस्टम इंटीग्रेटर्स (MSI) और ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEM) के प्रतिनिधियों ने परियोजना से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं वाणिज्यिक पहलुओं पर प्री-बिड क्वेरी रखीं। इनमें परियोजना के कार्यक्षेत्र, पात्रता मानकों, तकनीकी विशिष्टताओं, कार्यान्वयन प्रक्रिया और परियोजना की समय-सीमा से जुड़े सवाल प्रमुख रहे।

प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों ने अधिकांश प्रश्नों का समाधान बैठक के दौरान ही किया। इसके साथ ही कंपनियों को परियोजना की आवश्यकताओं और निविदा प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी भी दी गई।

जल्द जारी होगा शुद्धिपत्र

नोएडा प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि प्री-बिड बैठक में प्राप्त सभी प्रश्नों के समेकित उत्तर तैयार किए जाएंगे। आवश्यकतानुसार इन उत्तरों को शामिल करते हुए शुद्धिपत्र (Corrigendum) जल्द जारी किया जाएगा। यह शुद्धिपत्र नोएडा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ उत्तर प्रदेश ई-निविदा पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा।

प्राधिकरण ने इच्छुक निविदादाताओं से अपील की है कि वे निविदा प्रक्रिया से जुड़ी नवीनतम जानकारी और संशोधनों के लिए संबंधित आधिकारिक वेबसाइट एवं ई-निविदा पोर्टल को नियमित रूप से देखते रहें।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से किया जाएगा मजबूत

नोएडा सेफ सिटी परियोजना का मुख्य उद्देश्य आधुनिक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी तथा कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली के माध्यम से शहर में निगरानी और सार्वजनिक सुरक्षा के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करना है। परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से शहर में तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को व्यापक स्तर पर विकसित किए जाने की दिशा में काम होगा।

प्री-बिड बैठक में नोएडा प्राधिकरण की ओर से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह, विद्युत एवं यांत्रिकी खंड-3 के वरिष्ठ प्रबंधक तथा परियोजना प्रबंधन सलाहकार (PMC) टीम Gaia Smart Cities Solutions Pvt. Ltd. के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्री-बिड बैठक में बड़ी संख्या में तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधियों की भागीदारी को नोएडा सेफ सिटी परियोजना के प्रति उद्योग जगत की रुचि के रूप में देखा जा रहा है। अब प्राधिकरण द्वारा प्री-बिड प्रक्रिया में सामने आए बिंदुओं को समाहित करते हुए आगे की निविदा प्रक्रिया को गति दी जाएगी।।