गोण्डा :
कजरी तीज पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब,12 लाख कांवड़ियों से गूंजेगा गोंडा।।
।।संवाददाता- वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : कजरी तीज पर गोंडा में आस्था का सैलाब उमड़ने जा रहा है। 13 और 14 सितंबर को करीब 10 से 12 लाख कांवड़ियों के सरयू नदी से जल भरकर जिले के पौराणिक पृथ्वीनाथ, बरखंडी नाथ और दुःखहरण नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
विस्तार :
कांवड़ मेले को लेकर जिले में विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। लखनऊ-गोण्डा हाईवे पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। सरयू घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए कुंभ मेले की तर्ज पर फुटिंग बैरियर, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, खोया-पाया केंद्र, ऑटोमोबाइल टॉयलेट और विश्राम स्थल समेत तमाम इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मंदिरों पर भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
कांवड़ मेले को लेकर जिले का माहौल भी भगवामय नजर आने लगा है। बाजारों में भगवा कपड़ों, कांवड़ और पूजा सामग्री की मांग बढ़ गई है। दूर-दराज से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नगर पालिका परिषद करनैलगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल और अधिशासी अधिकारी सुरभि पांडे ने सरयू तट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि लाखों की संख्या में पहुंचने वाले कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
● वीडियो - - -
