गुरुवार, 10 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी की बाइक बरामद; मोबाइल स्नैचिंग में करते थे इस्तेमाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी की बाइक बरामद; मोबाइल स्नैचिंग में करते थे इस्तेमाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रेकी कर मोटरसाइकिल चोरी करते थे और चोरी के वाहनों का इस्तेमाल मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों में करते थे।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-63 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिंडन नदी के पुल के नीचे 25 फुटा रोड के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शौकत अली पुत्र मोहम्मद मियां, निवासी नई सराय, थाना कोतवाली, बदायूं, हाल पता चिपियाना खुर्द उर्फ तिगरी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर और पवन कुमार पुत्र रमेश चंद्र, निवासी चिपियाना खुर्द उर्फ तिगरी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र क्रमशः करीब 32 और 27 वर्ष है।

रेकी के बाद चुराते थे मोटरसाइकिल

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहनों को चोरी कर लेते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को अलग-अलग स्थानों, जैसे पार्किंग, सड़क किनारे और ग्रीन बेल्ट में छिपाकर या खड़ा कर देते थे। इसके बाद इन मोटरसाइकिलों को बदल-बदलकर मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक वारदातों में इस्तेमाल करने के बाद आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच देते थे। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य घटनाओं और आरोपियों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

10 बाइक, चाकू और फर्जी नंबर प्लेट बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू तथा DL5SBU5326 नंबर की एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। बरामदगी के बाद पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की बिक्री के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

दिल्ली में भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में मु0अ0सं0 402/2026, धारा 317(2), 317(5), 345(3) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा थाना भजनपुरा, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में मु0अ0सं0 6068/2026 तथा थाना न्यू अशोक नगर, ईस्ट दिल्ली में मु0अ0सं0 017137/2026 दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

थाना सेक्टर-63 पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी और उससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा पूर्व में की गई वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी है।।