गौतमबुद्धनगर: लाला जगत नारायण की पुण्यतिथि पर नवोदय टाइम्स का सराहनीय पहल, नोएडा जिला अस्पताल में लगा रक्तदान शिविर!!
किसान, समाजसेवी, कारोबारी, पत्रकार और पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान, जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का लिया संकल्प
दो टूक//नोएडा, 9 सितंबर। अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पंजाब केसरी पत्र समूह (जालंधर ग्रुप) के दिल्ली-एनसीआर के लोकप्रिय समाचार पत्र नवोदय टाइम्स की ओर से बुधवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नोएडा के संयुक्त जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में विभिन्न सामाजिक, किसान और कारोबारी संगठनों से जुड़े लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों, पत्रकारों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर लाला जगत नारायण जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शिविर का उद्घाटन संयुक्त जिला अस्पताल के सीएमएस डा. अशोक कुमार झा और नोएडा जोन के सहायक पुलिस आयुक्त प्रवीण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान वक्ताओं ने रक्तदान को मानव सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में नोएडा मीडिया क्लब के महासचिव जेपी सिंह, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम नागर, कोऑर्डिनेटर गाजियाबाद सत्येंद्र शर्मा, प्रदेश कमेटी सदस्य यतेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय सचिव अल्पसंख्यक मोर्चा लियाकत चौधरी, ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान, संयोजक डीपी चौहान, प्रिंस चौहान, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के रोजगार सह प्रमुख मेरठ प्रांत अजय यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा श्री आनंदम धाम पीठ वृंदावन मथुरा अरुण यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता अमित यादव, महेश यादव, सर्फाबाद युवा टीम अध्यक्ष सोनू यादव, एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के जिला प्रमुख हरवीर यादव, कालू यादव, मीडिया कर्मी अमित चौधरी, निशांत शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार एवं दो टूक मीडिया के संपादक देव गुर्जर और कारोबारी राहुल मेहरा समेत अनेक लोगों ने रक्तदान किया।
इस दौरान नवोदय टाइम्स के वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट प्रमोद शर्मा और जिला प्रभारी गौतमबुद्ध नगर दिनेश शर्मा की भूमिका भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। दोनों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग किया। वहीं ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने भी शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए रक्तदान के इस सामाजिक अभियान को मजबूती प्रदान की।
पुलिसकर्मियों ने भी बढ़ाया सेवा का हाथ
शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों ने भी रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। थाना सेक्टर-39 प्रभारी डीपी शुक्ल, सेक्टर-18 चौकी प्रभारी नवीन तोमर, नोएडा जोन के पूर्व सर्विलांस प्रभारी शरदकांत शर्मा, एयरपोर्ट थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा सहित कई पुलिसकर्मियों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
पुलिसकर्मियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के साथ जरूरत के समय किसी की जिंदगी बचाने में योगदान देना भी सामाजिक जिम्मेदारी है। उनके इस कदम की शिविर में मौजूद लोगों ने सराहना की।
‘एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों के लिए बन सकता है सहारा’
संयुक्त जिला अस्पताल के सीएमएस डा. अशोक कुमार झा ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किए गए रक्तदान से कई लोगों की जिंदगी बचाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
नवोदय टाइम्स की ओर से रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही उन्हें अमर शहीद लाला जगत नारायण जी के चित्र वाला मेडल देकर सम्मानित किया गया।
शिविर के आयोजन में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डा. एचएन लवानिया, मेडिकल ऑफिसर डा. बिंदु श्रीवास्तव, चीफ फार्मासिस्ट मनोज कुमार सिंह, लैब टेक्नीशियन संजय, निधि सिंह, अरुण कुमार, डीईओ हेमलता और काउंसलर श्वेता सहित अस्पताल के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
रक्तदान शिविर में विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि सामाजिक सरोकार और मानव सेवा किसी एक संस्था या वर्ग तक सीमित नहीं हैं। किसान, व्यापारी, समाजसेवी, पत्रकार और पुलिसकर्मी जब एक मंच पर आकर रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में सहभागी बनते हैं, तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस रक्तदान शिविर ने उनकी समाजसेवा और जनहित की विचारधारा को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया।
