सुल्तानपुर :
एंटी करप्शन ट्रैप के विरोध में लेखपाल संघ मुखर,सी एम से निष्पक्ष जांच की मांग।
दो टूक : अयोध्या के सोहावल में लेखपाल पर कार्रवाई का मामला, सुलतानपुर में संघ ने सौंपा ज्ञापन।
विस्तार :
सुलतानपुर। अयोध्या के सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ मुखर हो गया है। सुलतानपुर तहसील सदर उपशाखा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
संघ ने कहा कि भ्रष्टाचार का किसी भी स्तर पर समर्थन नहीं किया जाएगा, लेकिन निजी रंजिश, पूर्वाग्रह या झूठी शिकायत के आधार पर किसी निर्दोष कर्मचारी को फंसाया जाना भी स्वीकार नहीं है।
लेखपाल संघ ने मांग की कि ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, व्यक्तिगत रंजिश और संबंधित लेखपाल के अधिकार क्षेत्र की जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही सोहावल प्रकरण में सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, शिकायत और प्री-ट्रैप प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए।
एसीओ-विजिलेंस के लिए एसओपी की मांग
संघ ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन और विजिलेंस विभाग की ट्रैप कार्रवाई के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी एसओपी लागू करने की मांग की है। संघ का कहना है कि भूमि और राजस्व विवादों में आपसी रंजिश के कारण लेखपालों के खिलाफ शिकायतें भी की जाती हैं, इसलिए कार्रवाई से पहले तथ्यों की गहन जांच जरूरी है।
अयोध्या प्रकरण के विरोध में प्रदेश के विभिन्न जिलों में लेखपालों द्वारा काली पट्टी बांधकर विरोध जताने की बात भी सामने आई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में तहसील सदर उपशाखा अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, मंत्री सर्वेंद्र पटेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्रा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, उपमंत्री पंकज कुमार यादव, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार और ऑडिटर राहुल यादव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई और यदि किसी कर्मचारी को साजिशन फंसाया गया हो तो उसे न्याय दिलाने की मांग की है।
