मऊ :
श्रावण-कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी ने बढ़ुआ गोदाम बाईपास पर सम्भाला मोर्चा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मऊ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार, 16 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर ने थाना सरायलखंसी क्षेत्र के बढ़ुआ गोदाम बाईपास पहुंचकर कांवड़ मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था एवं ड्यूटी प्वाइंट्स का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी, सतर्कता और ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
एसपी कमलेश बहादुर ने निर्देश दिए कि कांवड़ियों के आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखने के साथ कांवड़ मार्गों पर लगातार गश्त बढ़ाने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह मुस्तैद रहने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें।
एसपी के निरीक्षण से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस की तैयारियों को और मजबूती मिली है।
