सोमवार, 17 अगस्त 2026

आजमगढ़ : सीडीएम पब्लिक स्कूल कपसा में देशभक्ति के रंग में रंगा ,विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

शेयर करें:
 
।। सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
 दो टूक ,आजमगढ़ / कपसा। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीडीएम पब्लिक स्कूल, कपसा में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक प्रद्युम्न दुबे, निलाभ प्रियताम दुबे, प्रबंधक एवं अधिवक्ता शुकदेव दुबे, आशीषलेश सिंह, दुर्गा शुक्ला, असवानी, अखंड दुबे, चंदहारी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। राष्ट्रध्वज फहराते ही पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गूंज उठा। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। भाषण, देशभक्ति गीत, नृत्य एवं विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का मन मोह लिया और पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन एवं उनके त्याग से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि आजादी केवल अधिकारों का नाम नहीं है, बल्कि इसके साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का बोध भी जुड़ा है। विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और देशप्रेम का भाव विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाता है। विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना भी है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
अंत में सभी ने राष्ट्रीय एकता, भाईचारे एवं देश की अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। राष्ट्रप्रेम और ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ समारोह का समापन हुआ।