रविवार, 16 अगस्त 2026

लखनऊ : अज्ञात वाहन की टक्कर से एलआईसी एजेंट की मौत पर पिता ने दर्ज कराया मुकदमा।||Lucknow: Father files case after LIC agent dies in collision with unknown vehicle.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
अज्ञात वाहन की टक्कर से एलआईसी एजेंट की मौत पर पिता ने दर्ज कराया मुकदमा।
दो टूक  : लखनऊ के थाना मानकनगर क्षेत्र में बीते सोमवार सड़क हादसे में एलआईसी एजेंट की मौत के मामले में मृतक के पिता ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार :
थाना मानकनगर क्षेत्र के कन्नौसी स्थित खुशी विहार कॉलोनी निवासी 49 वर्षीय रवि कुशवाहा एलआईसी एजेंट थे। बीते 10 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे वह अपनी नौ वर्षीय बेटी वर्षिता कुशवाहा को पारा स्थित अवध कोलिजिएट से छुट्टी के बाद बाइक से घर लेकर लौट रहे थे।

बताया गया कि भारतीय रेल परिवहन संस्थान के पास पहुंचने के दौरान उनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित हो गई और रवि कुशवाहा शारदा नहर में जा गिरे। नहर में डूबने से उनकी मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी वर्षिता और बाइक सड़क पर गिर गई।

हादसे के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। क्रिया-कर्म के बाद मृतक के पिता शंकरलाल कुशवाहा ने शनिवार को मानकनगर थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लिखित तहरीर दी।

पुलिस ने पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।