शनिवार, 22 अगस्त 2026

मऊ :लूटकांड का सरगना तमंचा-कारतूस के साथ हुआ गिरफ्तार, लूट के रुपये बरामद।।||Mau:The mastermind of the robbery was arrested with a pistol and cartridges; the looted money was recovered.||

शेयर करें:
मऊ :
लूटकांड का सरगना तमंचा-कारतूस के साथ हुआ गिरफ्तार, लूट के रुपये बरामद।।
दो टूक : मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना पुलिस ने लूट की घटना में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए 1,400 रुपये, एक अवैध 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के कुशल निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक सरायलखंसी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 21 अगस्त को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पनियरा रेलवे अंडरपास के पास से मुकदमा अपराध संख्या 278/2026 से संबंधित वांछित आरोपी प्रदीप कुमार (24 वर्ष), पुत्र महेन्द्र राम, निवासी भरकुंआ खण्डेरायपुर, थाना रानीपुर, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया।
कट्टा सटाकर की गई थी लूट
पुलिस के मुताबिक 9 अगस्त 2026 को गुप्ता मेडिकल स्टोर, बढ़ुआ गोदाम के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने वादी जयप्रकाश मौर्या को कथित तौर पर कट्टा सटाकर सोने की चेन, 20 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के संबंध में सरायलखंसी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष वांछित आरोपी प्रदीप कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा और कारतूस भी बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने लूट की रकम में से 1,400 रुपये, एक अवैध 315 बोर का तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2), 317(4), 61(2)(ए), 318(4), 336(3), 338 बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार प्रदीप कुमार के विरुद्ध रानीपुर थाने में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 के चोरी एवं चोरी के माल से संबंधित तीन मुकदमे तथा वर्ष 2025 में मारपीट एवं धमकी से संबंधित एक मुकदमा शामिल है। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
गिरफ्तार अभियुक्त: प्रदीप कुमार पुत्र महेन्द्र राम, निवासी भरकुंआ खण्डेरायपुर, थाना रानीपुर, जनपद मऊ, उम्र 24 वर्ष।
बरामदगी: 1,400 रुपये नकद, 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस।