शनिवार, 22 अगस्त 2026

मऊ :ग्राम चौपाल में महिलाओं को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी।Mau:Information about government schemes was provided to women at the village meeting hall.\|

शेयर करें:
मऊ :
ग्राम चौपाल में महिलाओं को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम ने ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति किया जागरूक।
विस्तार :
मऊ। मुख्य विकास अधिकारी के आदेश एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार विकासखंड मोहम्मदाबाद गोहना के ग्राम सभा चाक सहजा में आयोजित ग्राम चौपाल में महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन (HEW) टीम ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों एवं महिलाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।
चौपाल के दौरान टीम ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। विभागीय टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक समानता, महिला अधिकार, साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। टीम ने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा संकट की स्थिति में उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं और सरकारी सहायता का सहारा लिया जा सकता है।
चौपाल में ग्रामीणों ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विभागीय कर्मचारियों ने सरल एवं संतोषजनक तरीके से जवाब दिया। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलाना रहा।
इस दौरान महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम के कर्मचारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।