मऊ :
मंदिर से हनुमान का मुकुट चोरी करने वाला शातिर युवक गिरफ्तार।।
पांच टुकड़ों में बरामद हुआ चोरी गया मुकुट, बेचने की फिराक में था आरोपी
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव पकड़ौहा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से चोरी हुए मुकुट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। थाना हलधरपुर पुलिस ने घटना में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया मुकुट बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से मुकुट को पांच टुकड़ों में तोड़ दिया था और उसे बेचने की फिराक में था।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्रा के नेतृत्व में थाना हलधरपुर पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चला रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम को 20 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का माल बेचने की कोशिश में एक व्यक्ति हलधरपुर रेलवे स्टेशन के पास डीह बाबा मंदिर के समीप मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे करीब रात्रि 10:25 बजे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक खरवार पुत्र सुदई खरवार, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी ग्राम सेमराजपुर, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ के रूप में हुई।
पांच टुकड़ों में मिला मुकुट
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान आरोपी के लोअर की दाहिनी जेब से काली पन्नी में रखे सुनहरे रंग की धातु के पांच टुकड़े बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ही बड़ागांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर प्रतिमा पर सुशोभित मुकुट चोरी किया था। पहचान छिपाने और उसे बेचने के उद्देश्य से उसने मुकुट को कई टुकड़ों में तोड़ दिया था।
17/18 जुलाई की रात हुई थी चोरी
गौरतलब है कि 17/18 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने बड़ागांव पकड़ौहा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर प्रतिमा पर सुशोभित चांदी का मुकुट चोरी कर लिया था। वादी अवधेश कुमार यादव पुत्र शिवपूजन यादव, निवासी ग्राम बड़ागांव पकड़ौहा की तहरीर पर थाना हलधरपुर में मु0अ0सं0 150/2026, धारा 317(2), 305(d), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी गया एक मुकुट, पांच खंडित टुकड़ों के रूप में बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे चालान कर दिया गया।
बरामदगी: चोरी गया मुकुट—01 अदद, पांच खंडित टुकड़ों में।
गिरफ्तार आरोपी: दीपक खरवार, निवासी सेमराजपुर, थाना हलधरपुर, मऊ।
अभियोग: मु0अ0सं0 150/2026, धारा 317(2), 305(d), 331(4) बीएनएस।
