शनिवार, 22 अगस्त 2026

मऊ :पुलिस की कड़ी सुरक्षा में निकला श्रावणी पूजा का भव्य जुलूस, धार्मिक जयकारों से गूंजा कोपागंज।||Mau:A grand procession for Shravan Puja was held under tight police security, and religious chants filled Kopaganj.||

शेयर करें:
मऊ :
पुलिस की कड़ी सुरक्षा में निकला श्रावणी पूजा का भव्य जुलूस, धार्मिक जयकारों से गूंजा कोपागंज।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज में त्रीवर्षीय श्रावणी पूजा के अंतिम शुक्रवार को कोपागंज नगर आस्था, भक्ति और धार्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया। नौ दिनों तक जल एवं धार चढ़ाने के बाद नगर के चारों दिशाओं में स्थापित देवी-देवताओं को प्रसाद अर्पित करने के लिए शुक्रवार को गाजे-बाजे और धार्मिक जयकारों के बीच भव्य श्रावणी पूजा जुलूस निकाला गया। जुलूस में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर करीब आठ किलोमीटर की नगर परिक्रमा की।
दोपहर करीब एक बजे पूर्वी क्षेत्र स्थित काली मां मंदिर से जुलूस की शुरुआत हुई। हाथों में पूजा सामग्री और मन में आस्था लिए श्रद्धालु धार्मिक जयकारे लगाते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। इस दौरान चारों दिशाओं में स्थापित देवी-देवताओं के स्थानों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और प्रसाद चढ़ाया गया।
चिलचिलाती धूप भी श्रद्धालुओं की आस्था के आगे फीकी नजर आई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु नंगे पांव जुलूस में शामिल रहे। पूरे रास्ते गाजे-बाजे और धार्मिक जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति देखते ही बन रही थी।
शाम को जुलूस पुनः काली मां मंदिर पहुंचा, जहां धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने नगर क्षेत्र और अपने घर-परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
श्रावणी पूजा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह और थानाध्यक्ष राकेश रोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस, पीएसी और महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती रही। सुरक्षा बल जुलूस के साथ लगातार चलते रहे और पूरे मार्ग पर निगरानी बनाए रखी।
पुलिस की सतर्कता और श्रद्धालुओं के सहयोग से करीब आठ किलोमीटर लंबा धार्मिक जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान कोपागंज नगर धार्मिक जयकारों से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा।