सोमवार, 24 अगस्त 2026

मऊ :बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश।।||Mau:The DM and SP inspected the flood-affected areas and issued strict instructions regarding security arrangements.||

शेयर करें:
मऊ :
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक: दोहरीघाट/मऊ। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सोमवार को जिलाधिकारी मऊ आनन्द वर्धन एवं पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर ने दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखी। दोनों अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ की मौजूदा स्थिति, लोगों की समस्याओं तथा प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं। अधिकारियों ने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी और सतर्कता बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाढ़ के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन, सुरक्षा और राहत व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के साथ ही जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दोहरीघाट क्षेत्र के रामघाट एवं मुक्तिधाम घाट का भी निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएम-एसपी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहें और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।