शनिवार, 22 अगस्त 2026

मऊ : रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, कई घायल।||Mau: A fight broke out between two groups over a road dispute, injuring several.||

शेयर करें:
मऊ : 
रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, कई घायल।
कोपागंज थाने में दोनों पक्षों की ओर से दर्ज हुई प्राथमिकी, पुलिस ने शुरू की जांच।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना कोपागंज क्षेत्र के मुंगमास गांव में रास्ते को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार की रात मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोपागंज थाने में तहरीर देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, एक पक्ष के विवेक कुमार राय निवासी मुंगमास ने आरोप लगाया कि पड़ोस के लोगों से रास्ते को लेकर विवाद हुआ। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। तहरीर में संजय गौड़, रामसहाय गौड़, सुजीत गौड़ समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से रिंकू देवी पत्नी संजय गौड़ ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 20 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे रास्ते और जमीन को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे परिवार के सदस्यों को चोटें आईं।
दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कोपागंज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बताई जा रही है। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और रास्ते को लेकर हुए विवाद की वास्तविक स्थिति की जांच की जा रही है।