मऊ :
धार्मिक जयकारों से गूंजा कोपागंज, पुलिस सुरक्षा के बीच निकला भव्य श्रावणी पूजा जुलूस।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज में त्रिवर्षीय श्रावणी पूजा के नौ दिवसीय अनुष्ठान के समापन पर शनिवार को कोपागंज नगर में भव्य श्रावणी पूजा जुलूस निकाला गया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकले इस धार्मिक जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और आस्था के साथ भाग लिया। हाथी-घोड़े, गाजे-बाजे और धार्मिक जयकारों से पूरा नगर क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
दोपहर करीब एक बजे नगर पंचायत स्थित बापू इंटर कॉलेज के खेल मैदान के पास काली मां मंदिर से जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस में शामिल श्रद्धालु नगर के चारों दिशाओं में स्थापित देवी-देवताओं के मंदिरों पर पहुंचकर प्रसाद अर्पित करते हुए पूजा-अर्चना कर रहे थे। चिलचिलाती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। अनेक श्रद्धालु नंगे पांव जुलूस के साथ चलते रहे और धार्मिक जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।
जुलूस में हाथी-घोड़े के साथ गाजे-बाजे की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। पूरे नगर में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
शाम को जुलूस शीतला माता मंदिर पहुंचा, जहां धार्मिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने नगर क्षेत्र और घर-परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
श्रावणी पूजा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह और थानाध्यक्ष राकेश रोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस, पीएसी एवं महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी पूरे जुलूस के साथ चलते रहे और मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी। अधिकारियों की सतर्कता और श्रद्धालुओं के सहयोग से धार्मिक जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
