लखनऊ :
दुकान का शटर तोड़कर चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार,माल बरामद।।
दो टूक : लखनऊ के काकोरी थाना पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब 16 वर्षीय एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया विभिन्न प्रकार का किराना सामान बरामद किया है।
विस्तार ;
थाना काकोरी इस्पेक्टर सतीश चन्द्र राठौर
के मुताबिक पिछले माह 13 जुलाई 2026 को राजेन्द्र गुप्ता निवासी सरोसा भरोसा, थाना पारा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ दुकान का शटर तोड़कर करीब 40 हजार रुपये नकद और परचून का सामान चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना पारा पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 25 अगस्त को घुरघुरी तालाब के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल तीन लोग चोरी के किराना सामान के साथ असरखेड़ा की ओर से मोहान रोड स्थित एक स्कूल के पास मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दीपांशु (19), अनिकेत (19) और करीब 16 वर्षीय बाल अपचारी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का किराना सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने 13 जुलाई की रात पुरैना मोड़, मोहान रोड स्थित गुप्ता जी की किराना दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की।
बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से क्लीनिक प्लस शैम्पू की 2 पेटी, करीब 8 किलो छोहारा, विभिन्न ब्रांड के गुटखा व तंबाकू, 500 ग्राम दालचीनी, एक किलो मखाना, बीड़ी, डव शैम्पू की 5 लड़ी, करीब डेढ़ किलो काजू और करीब 2 किलो धनिया समेत अन्य किराना सामग्री बरामद की है।
बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दीपांशु और अनिकेत को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाल अपचारी को पुलिस निगरानी में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस के अनुसार, बाल अपचारी और आरोपी दीपांशु का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।
गिफ्तारी में पुलिस टीम रही शामिल।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र राठौर, उपनिरीक्षक छत्रजीत सिंह, अभिमन्यु सिंह, दयानन्द तिवारी तथा कांस्टेबल गौरव भदौरिया और देवेन्द्र कुमार लवानियां शामिल रहे।
