बुधवार, 26 अगस्त 2026

अम्बेडकर नगर :मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान।||Ambedkar Nagar:Under Mission Shakti, the police launched an awareness campaign regarding the safety of women and girls.||

शेयर करें:
अम्बेडकर नगर :
मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान।
।। संवाददाता ए.के. चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकर नगर पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता एवं एंटी रोमियो अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीमों ने स्कूल-कॉलेज, बाजार, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण व चेकिंग की। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद कर उन्हें उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और मनचलों की चेकिंग करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने, अभद्र टिप्पणी करने अथवा पीछा करने वालों को कड़ी चेतावनी दी। युवाओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखने और आपत्तिजनक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।
साइबर सुरक्षा को लेकर भी किया जागरूक
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क से बचने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया गया।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी—
112 – आपातकालीन पुलिस सहायता
1090 – महिला हेल्पलाइन/वूमेन पावर लाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं, उनके अधिकारों, आत्मरक्षा एवं सुरक्षित वातावरण से संबंधित जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बालिकाओं को छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा साइबर अपराध जैसी किसी भी घटना की जानकारी बिना संकोच पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।