बुधवार, 26 अगस्त 2026

अम्बेडकरनगर :सरकार ने रक्षाबंधन पर सहयात्री सहित निशुल्क बस यात्रा की सौगात।||Ambedkar Nagar:The government has announced the gift of free bus travel with a co-passenger on Rakshabandhan.||

शेयर करें:
अम्बेडकरनगर :
सरकार ने रक्षाबंधन पर सहयात्री सहित निशुल्क बस यात्रा की सौगात।
बहनों की राखी अब नहीं रुकेगी दूरी की वजह से।।
।। संवाददाता ए.के. चतुर्वेदी।।
दो टूक : सरकार की इस पहल से रक्षाबंधन पर दूर रह रही बहनों के लिए सफर आसान होगा और आर्थिक बाधा के बिना वे अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकेंगी।
विस्तार :
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मातृशक्ति को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं-बहनों और बेटियों के लिए 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक सरकारी बसों में सहयात्री सहित निशुल्क यात्रा सुविधा का शुभारंभ किया। वहीं 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत निशुल्क बस यात्रा की सुविधा भी शुरू की गई है।
अम्बेडकरनगर के लोहिया भवन सभागार में मुख्यमंत्री के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में मौजूद मातृशक्ति ने देखा और सुना। कार्यक्रम में शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं बिरजू महाराज कथक संस्थान लखनऊ की अध्यक्ष डॉ. कुमकुम धर, विधान परिषद सदस्य अयोध्या-अम्बेडकरनगर डॉ. हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, प्रशासक एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा (साधू वर्मा), पूर्व सांसद रितेश पांडेय, जिलाधिकारी इशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला सहित भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी डॉ. कुमकुम धर ने रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री द्वारा मातृशक्ति को दी गई इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री एवं परिवहन विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका सीधा लाभ महिलाओं और आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के उत्थान में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और महिलाएं आज शिक्षा, विज्ञान, कला, सेना, खेल, राजनीति एवं आर्थिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व है। सरकार की इस निशुल्क बस यात्रा योजना से आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी बहन को अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने से वंचित नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित पेंशन, छात्राओं को टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि 27 से 29 अगस्त तक बहनें सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा कर रक्षाबंधन के पर्व पर अपने भाई के घर पहुंच सकती हैं। इसके साथ ही लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी दिखाकर निशुल्क बस यात्रा का लाभ ले सकेंगी।
कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद एवं प्रशासक/पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने भी योजनाओं के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मातृशक्ति के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में शिक्षित एवं सशक्त महिलाओं की भूमिका अहम होती है। घर और परिवार की रीढ़ माताएं-बहनें हैं। सरकार ने महिलाओं को मुख्यधारा में लाकर उन्हें विकास की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने का कार्य किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. कुमकुम धर एवं जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित मातृशक्ति को साड़ी एवं मिष्ठान वितरित किया गया।