लखनऊ :
अंसल प्रॉपर्टीज पर बढ़ता मुकदमों का बोझ,एक दिन में तीन एफआईआर से मचा हड़कंप।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के खिलाफ एक के बाद एक एफआईआर दर्ज होने से कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस की 18 अगस्त को दर्ज एफआईआर में तीन अलग-अलग पीड़ितों ने प्लॉट की रजिस्ट्री, कब्जा और जमा रकम वापस न मिलने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वर्षों पहले पूरी रकम चुकाने के बावजूद उन्हें अपने निवेश का अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार लखनऊ आलमबाग निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने वर्ष 2012 में अंसल प्रॉपर्टीज से प्लॉट संख्या 3802-N-03-0082 खरीदा था और पूरी धनराशि का भुगतान कर दिया था। करीब 13 साल बाद फरवरी 2025 में कंपनी की ओर से कब्जा पत्र दिया गया, जिसके बाद उन्होंने प्लॉट की चारों तरफ बाउंड्री भी करा ली।
शिकायतकर्ता के मुताबिक कब्जा मिलने के बावजूद आज तक उनके नाम रजिस्ट्री नहीं की गई। रजिस्ट्री के लिए फरवरी 2025 में रसीद भी जारी की गई, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि पिछले कई महीनों से कंपनी का कार्यालय बंद मिलता है और जानकारी देने वाला कोई जिम्मेदार व्यक्ति उपलब्ध नहीं है।
प्लॉट दूसरे को आवंटित, रकम वापसी भी अटकी।
दूसरे मामले में नीरज द्विवेदी ने आरोप लगाया कि उन्होंने जुलाई 2022 में सुशांत गोल्फ सिटी के गोल्फ हैबिटेट में 1070 वर्ग मीटर के आवासीय भूखंड की बुकिंग कराई थी। इसके लिए जुलाई और अगस्त 2022 में चेक के माध्यम से बुकिंग राशि का भुगतान किया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में कंपनी ने संबंधित यूनिट का आवंटन निरस्त कर उसे किसी अन्य पक्ष को आवंटित कर दिया। इसके बाद अपनी जमा रकम वापस पाने के लिए उन्होंने कई बार कंपनी के अधिकारियों और प्रतिनिधियों से संपर्क किया, लेकिन न रकम वापस मिली और न ही संतोषजनक जवाब।
पूरा भुगतान, एक दशक से ज्यादा इंतजार।
तीसरे मामले में कुमुद द्विवेदी ने वर्ष 2012 में 538 वर्ग गज का आवासीय प्लॉट खरीदने और पूरी धनराशि अदा करने का दावा किया है। आरोप है कि एक दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद उन्हें प्लॉट का कब्जा नहीं दिया गया।
कुमुद द्विवेदी के अनुसार कब्जे के लिए कंपनी के अधिकारियों से लगातार संपर्क और फॉलोअप किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिकायत में संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
लगातार शिकायतों से कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल।
तीनों मामलों में शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एक ही थाना क्षेत्र में कुछ ही दिनों के अंतराल में सामने आए इन मामलों ने अंसल प्रॉपर्टीज की परियोजनाओं में ग्राहकों के भुगतान, प्लॉट आवंटन, कब्जे और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पर बड़ा सवाल खड़े कर दिए हैं। जुलाई और अगस्त माह का मिलाकर अब तक आधा दर्जन से अधिक मुकदमे सुशांत गोल्फ सिटी मेंदर्ज हो चुके है फिलहाल बड़ा सवाल यही है—वर्षों पहले पूरी रकम लेने के बाद भी ग्राहकों को उनके प्लॉट, कब्जे और रजिस्ट्री के लिए उपभोक्ता आखिर कब तक मुकदमे बाजी करते रहेंगे, सरकार कोई ठोस नीति बनाकर सबको राहत दे।
