लखनऊ :
तेज बारिश में शहीद पथ पर दर्दनाक हादसा,खड़े ट्रक में घुसी डीसीएम; चालक की मौत।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में तेज बारिश के दौरान थाना पीजीआई क्षेत्र उतरेठिया के पास शहीद पथ पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम जा घुसी। भीषण टक्कर में डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पीजीआई पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला और तत्काल अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार :
पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक 14 अगस्त की रात करीब दो बजे तेज बारिश के दौरान शहीद पथ पर उतरेटिया के पास ट्रक संख्या NL 01 AC 3272 खराब हो गया था। ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम संख्या UP 32 HN 3006 अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसी। खराब ट्रक बना रहे लोगों की बाल बाल जान बची। हादसा इतना भीषण था कि डीसीएम चालक अर्जुन यादव (27) पुत्र रविकरण, निवासी देवीहा पुरवा, थाना सतरिख, बाराबंकी केबिन में फंस गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकाला और गंभीर हालत में पीजीआई अपेक्स ट्रामा अस्पताल भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
दस्तावेजों से हुई पहचान, परिजनों को दी सूचना।
पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की और परिजनों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई मे जुटी हुई है।
