शुक्रवार, 14 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: पिता की हत्या के बाद 16 वर्षीय किशोर ने मेट्रो के आगे कूदकर दी जान, रिश्तों के विवाद से उलझा मामला!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पिता की हत्या के बाद 16 वर्षीय किशोर ने मेट्रो के आगे कूदकर दी जान, रिश्तों के विवाद से उलझा मामला!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव में एक ही परिवार में पिता-पुत्र की मौत से सनसनी फैल गई। सेक्टर-121 स्थित घर के कमरे में पिता राजू शर्मा का शव मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी ही थी कि उनके 16 वर्षीय बेटे ने सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजू शर्मा की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस को शक है कि पिता की हत्या के बाद किशोर सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा, जहां उसने मेट्रो ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी। एक ही परिवार में कुछ ही समय के अंतराल में हुई दो मौतों ने पूरे मामले को बेहद गंभीर और पेचीदा बना दिया है।

बताया जा रहा है कि किशोर का अपने पिता के साथ स्कूल एडमिशन, बाहर घूमने और अन्य बातों को लेकर विवाद रहता था। परिजनों के मुताबिक, पिता बेटे पर कई तरह की बंदिशें रखते थे। वहीं, मां के पिता से अलग होने के बाद किशोर मानसिक रूप से परेशान और अवसाद में बताया जा रहा है। पुलिस इन पारिवारिक परिस्थितियों को भी घटना की वजह से जोड़कर जांच कर रही है।

पुलिस को आशंका है कि किशोर ने पहले धारदार हथियार से अपने पिता की हत्या की और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। हालांकि, हत्या और आत्महत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना फेस-3 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मेट्रो स्टेशन से जुड़े घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पिता-पुत्र की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि इस दोहरे घटनाक्रम ने इलाके के लोगों को भी झकझोर दिया है।।