शुक्रवार, 14 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर:शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, दम घुटने से युवक की मौत; एक गंभीर घायल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, दम घुटने से युवक की मौत; एक गंभीर घायल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित शाहबेरी की फर्नीचर मार्केट में एक बार फिर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। लकड़ी की सीएनसी कटिंग करने वाली दुकान में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग और धुएं की चपेट में आने से दम घुटने पर दो युवक गंभीर रूप से प्रभावित हुए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने अल्तमस को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, शाहबेरी की फर्नीचर मार्केट में लकड़ी की कटिंग करने वाली एक दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान में बड़ी मात्रा में लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामान मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में धुएं का गुबार उठने लगा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग की चपेट में आने और दम घुटने से दो युवक गंभीर रूप से प्रभावित हुए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अल्तमस को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अमन की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

लगातार आग की घटनाओं के बाद भी सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

शाहबेरी में आग की यह घटना ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले भी इलाके में आग लगने की घटना सामने आई थी। इसके बावजूद फर्नीचर मार्केट में फायर सेफ्टी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लगातार आरोप लगते रहे हैं कि यहां नियमों और सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर बड़े पैमाने पर फर्नीचर मार्केट और शोरूम तैयार किए जा रहे हैं।

शाहबेरी में कई-कई बीघे में बड़े-बड़े फर्नीचर शोरूम और दुकानें तैयार हो चुकी हैं, लेकिन आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल बने हुए हैं। लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री से भरी दुकानों में आग लगने की स्थिति में खतरा और भी बढ़ जाता है।

लगातार हो रही आग की घटनाओं के बावजूद निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों का जारी रहना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर लगातार सामने आ रहे हादसों के बाद जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे और शाहबेरी की फर्नीचर मार्केट में फायर सेफ्टी समेत अन्य सुरक्षा मानकों की गंभीरता से जांच कब होगी?